मंगलवार, 30 अगस्त 2011

बीवी, बच्चों को छोड़ कहां गया आईएएस


जयपुर। जयपुर में नियुक्त आईएएस नवीन जैन मंगलवार सुबह से ही लापता है। नवीन जैन के बारे में मंगलवार सुबह 7.30 बजे से कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक नवीन जैन जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे लेकिन बीच में ही वे गायब हो गए। बताया जा रहा है कि नवीन जैन शाहजहांपुर से गायब हुए हैं। जैन शाहजहांपुर के एक रेस्टोरेंट में अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर गायब हो गए।

जैन अपनी पत्नी और बेटे के नाम एक पत्र छोड़ गए हैं जिसमें उन्होंने पत्नी को लखनऊ जाने को कहा है। जैन ने लिखा है कि 11 साल की नौकरी में उन्हें एक आशियाना भी नसीब नहीं हुआ। पुलिस ने जैन की तलाशी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी आला अधिकारियों से इस बारे में बात की है। नवीन जैन बारां में कलेक्टर रह चुके हैं। जैन 2001 के आईएएस बैच के अधिकारी हैं।

संसद के प्रोटोकोल अधिकारी का सुराग नहीं

नई दिल्ली। चार दिन से लापता संसद के प्रोटोकोल अधिकारी जनमेश सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सिंह शनिवार को उरई के लिए रवाना हुए थे लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे। उनके पिता जीत सिंह ने उरई रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

2009 में संसद की प्रोटोकोल अधिकारी बने सिंह अपनी मां को लेने के लिये उरई जा रहे थे। वह शनिवार को हजरत निजामुद्दीन से उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति में सवार हुए थे। उन्होंने फोन पर अपनी पत्नी को सूचित किया था कि उन्हें सीट मिल गई है। उसके बाद से उनके बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें